चकराता में बड़ा सड़क हादसा: 35 मीटर गहरी खाई में गिरी कार,पांच लोग घायल

देहरादून। चकराता में सहिया के पास लालपुल क्षेत्र में शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में सभी पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में गिरी कार तक पहुंचकर सभी पांच घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे में घायल रोहन कुमार (23) निवासी नई दिल्ली, अभिषेक दुबे (26) निवासी रोहिणी, दिल्ली, अभिषेक (26) निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश, शिवानी सिंह (22) निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश और प्रिन्स राज (22) निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश हैं।
जानकारी के अनुसार टाटा टियागो कार संख्या DL9C 8092 में सवार सभी लोग चकराता क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान लालपुल के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
दुर्घटना में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि तीन अन्य को सामान्य चोटें लगी हैं। समय पर रेस्क्यू अभियान शुरू होने के चलते सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।



