मसूरी घूमने आई सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध मौत, होमस्टे में मिला शव

मसूरी: मसूरी के टिपरीधार क्षेत्र स्थित एक होमस्टे में गुरुग्राम की 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री (27 वर्ष) पत्नी सौम्या श्रीचरण, निवासी पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों नवविवाहित दंपति उत्तराखंड घूमने आए थे और मसूरी के कियाना होम स्टे में ठहरे हुए थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दंपति 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचे थे और 14 जून की रात मसूरी स्थित होमस्टे के “ब्लिस” नामक कमरे में रुके थे। पति के अनुसार दोनों ने रात में शराब का सेवन किया था और देर रात सोने चले गए। सुबह उठने पर पत्नी अचेत अवस्था में मिली।
घटना की सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। जांच के दौरान महिला कमरे के फर्श पर मृत अवस्था में मिली। कमरे से दो खाली शराब की बोतलें, खाद्य सामग्री और अन्य वस्तुएं बरामद की गई हैं। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई है।
सूत्रों के अनुसार घटनास्थल से शराब की बोतलों के साथ कुछ दवाओं के खाली रैपर भी मिले हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि दोनों का विवाह 8 नवंबर 2025 को हुआ था। पति पुणे की एक आईटी कंपनी में कार्यरत है, जबकि मृतका गुरुग्राम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थी।
पुलिस ने शव को कोरोनेशन अस्पताल देहरादून भेजा है और डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया है। मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। दोनों परिवार मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम सहित अन्य जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



