उत्तराखंड में ऑनलाइन सट्टेबाजी पर STF की बड़ी कार्रवाई, 86 अवैध वेबसाइटें ब्लॉक

देहरादून। उत्तराखंड में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 86 अवैध सट्टेबाजी वेबसाइटों (URL) को ब्लॉक कर दिया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लागू किए गए उत्तराखंड गैंबलिंग लॉ 2026 के तहत की गई है।
एसटीएफ के अनुसार, ये वेबसाइटें लोगों को तेजी से कमाई का लालच देकर ऑनलाइन सट्टेबाजी के जाल में फंसा रही थीं। साइबर टीम ने तकनीकी जांच के बाद इन सभी वेबसाइटों को चिन्हित कर ब्लॉक कराया।
नए कानून के तहत ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट संचालित करने वालों पर 3 से 5 वर्ष तक की जेल और 2 लाख से 10 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। वहीं अवैध जुआ घर चलाने या वित्तीय सहायता देने वालों के लिए 5 वर्ष तक की सजा और जुर्माना तय किया गया है।
कानून में दोबारा अपराध करने वालों के लिए दोगुनी सजा का प्रावधान भी रखा गया है। इसके अलावा सट्टेबाजी और जुए से अर्जित धन से खरीदी गई चल और अचल संपत्तियों को जब्त और कुर्क किया जा सकेगा, जिससे अवैध नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने कहा कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध गेमिंग एप्स से दूर रहना जरूरी है, क्योंकि यह केवल आर्थिक नुकसान ही नहीं बल्कि अपराध की ओर भी ले जाता है। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध वेबसाइट या ऐप की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।



