देहरादून में पार्किंग विवाद ने पकड़ा तूल, युवक के पेट पर किया हमला

देहरादून: आईटी पार्क क्षेत्र में स्कूटी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मयूर विहार निवासी 34 वर्षीय उत्सव होम स्टे चलाते हैं। उनके घर के नजदीक ही आरोपित इस्लामुद्दीन का घर है। शुक्रवार को उत्सव ने इस्लामुद्दीन के घर के बाहर अपनी स्कूटी खड़ी की और पास में खाना खाने चले गए। खाना खाकर लौटने पर स्कूटी खड़ी करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि इसी दौरान इस्लामुद्दीन ने किसी नुकीली वस्तु से उत्सव पर हमला कर दिया। पेट से खून निकलने के बाद उन्हें उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चौकी प्रभारी दीपक द्विवेदी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।



