पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक पर लापता इंजीनियर का 5 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, कई जिलों में अलर्ट, सर्च ऑपरेशन जारी

बागेश्वर: उत्तराखंड के प्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक पर लापता हुए नोएडा निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक चौहान का पांच दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन के बीच रेस्क्यू टीमों को नदी किनारे अभिषेक का कैमरा, शर्ट और टोपी मिली है, जिससे उनके नदी में बह जाने की आशंका और गहरा गई है।
जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय अभिषेक चौहान गुजरात की एलएंडटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। वह 28 मई को अपने तीन दोस्तों और स्थानीय गाइड आनंद राम के साथ पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक पर निकले थे। 29 मई को वापसी के दौरान मलियाधोड़ क्षेत्र में अभिषेक फोटोग्राफी के लिए रुक गए और गाइड को आगे मैगी पॉइंट पर इंतजार करने के लिए कहा।
काफी देर तक अभिषेक के नहीं पहुंचने पर गाइड उन्हें खोजने वापस गया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद रात में खाती गांव पहुंचकर वन विभाग और प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों ने खोज अभियान शुरू किया।
सर्च ऑपरेशन के दूसरे दिन मलियाधोड़ के पास नदी किनारे अभिषेक का कैमरा बरामद हुआ। इसके बाद हाल ही में नदी के पत्थरों के बीच उनकी शर्ट और टोपी भी मिली है। परिजनों के अनुसार, लापता होने के समय अभिषेक ने यही कपड़े पहने हुए थे।
थानाध्यक्ष कपकोट प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि शुरुआती जांच में आशंका है कि अभिषेक नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए हों। उन्होंने बताया कि ग्लेशियर क्षेत्र में रात के समय तापमान शून्य से नीचे चला जाता है, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है।
अभिषेक की तलाश में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, वन विभाग, फायर सर्विस और स्थानीय ग्रामीण लगातार जुटे हुए हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और खराब मौसम के बावजूद रेस्क्यू अभियान जारी है। ड्रोन कैमरों की मदद से गहरी खाइयों और जंगलों की भी निगरानी की जा रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ ने खोज अभियान का दायरा बढ़ाते हुए पौड़ी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों को भी सूचना भेजी है। संबंधित जिलों की पुलिस और स्थानीय टीमें संभावित क्षेत्रों में तलाश कर रही हैं।
अभिषेक के परिजन भी बागेश्वर पहुंच चुके हैं और प्रशासन के साथ मिलकर सर्च अभियान में सहयोग कर रहे हैं। पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर अजय शाह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद से लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक अभिषेक का कोई पता नहीं चल पाया है।
फिलहाल सभी एजेंसियां उम्मीद के साथ तलाश अभियान जारी रखे हुए हैं, जबकि परिजन अभिषेक के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।



