उत्तराखंड में बारिश का प्रकोप, टोंस नदी उफान पर; कई इलाकों में बढ़ी निगरानी

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। रविवार को भूस्खलन, मलबा और बोल्डर गिरने के कारण राज्यभर में 103 सड़कें बाधित हो गईं, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालात को देखते हुए सात जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून, टिहरी और हरिद्वार जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, उत्तरकाशी और पौड़ी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे प्रदेश के कई जिलों के लिए संवेदनशील रहेंगे।
देहरादून में स्कूल बंद
देहरादून में रेड अलर्ट के मद्देनजर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने लोगों से केवल आधिकारिक आदेशों पर ही भरोसा करने की अपील भी की है। इससे पहले सोशल मीडिया पर स्कूल बंद होने का फर्जी आदेश वायरल होने से भ्रम की स्थिति बन गई थी।
सीएम धामी ने दिए सतर्कता के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्धन और सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन सहित सभी संबंधित अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने या अन्य आपदा की स्थिति उत्पन्न हो, वहां तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए। साथ ही सड़क, बिजली, पेयजल और संचार जैसी आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा मार्गों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने और यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।
दून-मसूरी मार्ग पर भूस्खलन
लगातार बारिश के बीच दून-मसूरी मार्ग पर ग्लोगी पावर हाउस और मैगी प्वाइंट के पास दो स्थानों पर भूस्खलन हुआ। पहाड़ी से पत्थर और मलबा सड़क पर गिरने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। हालांकि लोक निर्माण विभाग की टीम ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को दोबारा सुचारु कर दिया। इस दौरान कई वाहन चालक और पर्यटक बाल-बाल बच गए।
एसडीएम राहुल आनंद ने लोगों से बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



