उत्तराखंड

रेखा आर्या मामले में आज ऑडियो फॉरेंसिक जांच के लिए भेज सकती है एसआईटी, गिरधारी लाल साहू की तलाश जारी

Listen to this article

देहरादून: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की ओर से पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे में एसआईटी की जांच तेज हो गई है। मामले से जुड़े ऑडियो को एसआईटी बृहस्पतिवार को न्यायालय के माध्यम से फॉरेंसिक लैब भेज सकती है। इसके लिए दस्तावेजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है। वहीं, पुलिस गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के लिए साक्ष्य जुटाने में लगी है। उसके नेपाल भागने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह मंत्री रेखा आर्या ने कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि साहू शादी के बाद से ही उन्हें प्रताड़ित कर रहे थे। इसके अलावा उनके साथ धोखाधड़ी करने के भी आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत के मुताबिक, कंपनी के दस्तावेजों में कथित तौर पर जालसाजी कर रेखा आर्या का नाम निदेशक पद से हटा दिया गया। आरोप है कि इसका विरोध करने पर उन्हें जातिसूचक शब्द कहकर प्रताड़ित किया गया और मारपीट की कोशिश भी की गई। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

10 सदस्यीय एसआईटी कर रही जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की थी। एसआईटी ने तीन दिन पहले मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज किए। बताया जा रहा है कि मंत्री ने जांच टीम को मामले से जुड़े कुछ अतिरिक्त तथ्यों की जानकारी दी है। साथ ही कथित जाली दस्तावेजों के संभावित ठिकानों के बारे में भी बताया है।

इसके बाद से एसआईटी संबंधित साक्ष्य जुटाने में लगी है। ऑडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाने से मामले में सामने आए तथ्यों की जांच में मदद मिलने की उम्मीद है।

गिरधारी लाल साहू का अब तक पता नहीं

पुलिस को अभी तक गिरधारी लाल साहू का पता नहीं चल पाया है। इसी बीच उसके उत्तर प्रदेश के रास्ते नेपाल भागने की चर्चाएं सामने आई हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल जांच टीम उसकी तलाश के साथ मामले से जुड़े साक्ष्य एकत्र कर रही है। अब देखना होगा कि एसआईटी आरोपी तक कब पहुंच पाती है और जांच में आगे क्या तथ्य सामने आते हैं।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!