
सहसपुर (देहरादून)। कोतवाली सहसपुर क्षेत्र के लांघा रोड स्थित शीतला नदी पुल के पास 26 अप्रैल की शाम हुई मारपीट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात शाम करीब 5:30 बजे पुरानी रंजिश के चलते हुई थी, जब दो गुट आमने-सामने आ गए।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता दीपक कुमार की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में मनजीत सिंह, पीयूष, विकास उर्फ विक्की, सूरज और अर्जुन सिंह समेत अन्य साथियों पर आरोप है कि उन्होंने कार रोककर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया। हमले में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें एक के सिर पर चाकू से वार किया गया।
सोशल मीडिया वीडियो से खुलासा
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। टीम गठित कर 28 अप्रैल को सहसपुर बाजार के पास से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
व्हाट्सएप ग्रुप से शुरू हुआ विवाद
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और घायल युवक आपस में दोस्त थे और एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े हुए थे। आपसी गाली-गलौज और विवाद के बाद दोनों गुटों में रंजिश बढ़ी, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस पूरे मामले के खुलासे में कोतवाली सहसपुर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। टीम में शामिल अधिकारी—
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह रावत
वरिष्ठ उप निरीक्षक मनमोहन सिंह नेगी
उप निरीक्षक पंकज कुमार (चौकी प्रभारी धर्मावाला)
उप निरीक्षक राजीव धारीवाल
कांस्टेबल त्रेपन सिंह
कांस्टेबल विकास त्यागी
कांस्टेबल संदीप कुमार
कांस्टेबल शंकर सिंह
कांस्टेबल नीरज कुमार



