सितारगंज हाईवे पर दर्दनाक हादसा, डंपर की टक्कर से मामा-भांजे की मौत

रुद्रपुर। सितारगंज हाईवे पर हादसों का सिलसिला रुक नहीं रहा। कुछ दिन पहले ही 6 लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने हादसे रोकने के सख्ती के दावे किए थे, लेकिन शुक्रवार रात बगवाड़ा मंडी के सामने डंपर की टक्कर से दो लोगों की मौत ने प्रशासन के दावों पर फिर सवाल खड़े कर दिए।
मृतकों की पहचान 22 वर्षीय रोहित चौहान पुत्र राधेश्याम चौहान निवासी ग्राम सहजनी, रुद्रपुर और उनके 46 वर्षीय मामा अक्षय लाल चौहान पुत्र हंसनाथ चौहान के रूप में हुई है। अक्षय लाल मूल रूप से ग्राम जुआफर, जिला देवरिया, उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे।
बताया गया कि रोहित अपने मामा को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। अक्षय लाल को बाघ एक्सप्रेस से घर वापस जाना था। रात करीब 10 बजे बगवाड़ा मंडी के सामने तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोहित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल अक्षय लाल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रोहित के पिता राधेश्याम ने बताया कि रोहित सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करता था और चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वहीं अक्षय लाल 5 अक्टूबर को रुद्रपुर आए थे।
घटना की सूचना पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी संजय पाठक ने बताया कि डंपर और चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



