युवाओं के पास पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करने का मौका, YUWA माइक्रो ग्रांट 2.0 शुरू

देहरादून। पर्यावरण संरक्षण और जलवायु कार्रवाई के क्षेत्र में काम करने के इच्छुक युवाओं के लिए अच्छी खबर है। वेस्ट वॉरियर्स सोसाइटी की युवा पहल YUWA (यूथ यूनाइटेड फॉर वेस्ट एंड क्लाइमेट एक्शन) ने 11 नवंबर को YUWA माइक्रो ग्रांट 2.0 के दूसरे संस्करण का शुभारंभ किया। इसके तहत देहरादून और आसपास के क्षेत्रों के युवा बदलावकर्ताओं को अपनी पर्यावरणीय परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए 1.25 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य युवाओं को सामुदायिक स्तर पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और जलवायु कार्रवाई से जुड़ी समस्याओं के व्यावहारिक समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके तहत ऐसे युवा व्यक्ति और समूह आवेदन कर सकते हैं, जो अपने समुदाय में पर्यावरणीय और नागरिक समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए काम करना चाहते हैं। आवेदन के लिए किसी पंजीकृत संस्था या बड़ी टीम का हिस्सा होना अनिवार्य नहीं है। स्पष्ट कार्ययोजना, प्रभावशाली विचार और उसे लागू करने की इच्छाशक्ति को प्राथमिकता दी जाएगी।
30 नवंबर आवेदन की अंतिम तिथि
आवेदन प्रक्रिया 11 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक युवा 30 नवंबर 2026 तक अपने प्रस्ताव जमा कर सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। प्रस्तावों की समीक्षा और चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित आवेदकों को परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए अनुदान राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

पहले संस्करण में पांच परियोजनाओं को मिला था सहयोग
YUWA माइक्रो ग्रांट के पहले संस्करण में पांच युवा-नेतृत्व वाली परियोजनाओं को सहयोग दिया गया था। इन परियोजनाओं के माध्यम से 1,183 लोगों को जोड़ा गया, जलवायु कार्रवाई से जुड़ी 96 गतिविधियां संचालित की गईं और 530 किलोग्राम कचरे का उचित प्रबंधन एवं निस्तारण किया गया। इसके अलावा 110 टिकाऊ उत्पाद भी वितरित किए गए।
पहले संस्करण से मिली सीख और उसके प्रभाव को आगे बढ़ाते हुए दूसरे संस्करण का उद्देश्य युवा नेतृत्व को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर नए एवं रचनात्मक समाधानों को बढ़ावा देना है। आवेदन और अन्य जानकारी के लिए युवा YUWA के इंस्टाग्राम पेज @yuwa4himalayas पर संदेश भेज सकते हैं। इसके अलावा 8868002457 और 9258294022 नंबरों पर भी संपर्क किया जा सकता है।



