ViralCrimeLine : हल्द्वानी में शर्मनाक हरकत : चीखती रही युवती, पीछा करते रहे दरिंदे :- हल्द्वानी में एक युवती और उसके मुंहबोले भाई को रात में मनचलों ने बाइक से पीछा कर पीटा। जान बचाने के लिए वे सड़कों पर भागते रहे, लेकिन पुलिस नदारद थी। बाद में परिवार की मदद से वे सुरक्षित हुए. मनचलों से परेशान एक युवती अपने मुंहबोले भाई संग जान बचाने के लिए रात में हल्द्वानी की सड़कों पर भागती रही, लेकिन महिला सुरक्षा का दावा करने वाली पुलिस कहीं नजर नहीं आई। इसके बाद चलती बाइक से पीड़िता ने किसी तरह अपने परिवार को फोन कर मदद मांगी। बचने के लिए वह बरेली रोड पर जाकर छुप गई। यहां स्वजन के पहुंचने के बाद ही दहशत का दौर खत्म हुआ।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो लोगों के विरुद्ध छेड़खानी, मारपीट, गाली-गलौज और गाड़ी क्षतिग्रस्त करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कुमाऊं के प्रवेशद्वार कहे जाने वाले हल्द्वानी में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को ही कठघरे में खड़ा कर दिया है. कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक की बहन का सोमवार का बर्थ डे था। जन्मदिन की पार्टी में बहन की सहेलियां भी पहुंची थी। इसमें रामपुर रोड निवासी एक युवती भी थी, जिसे युवक अपनी बहन की तरह ही मानता है। रात में देरी होने पर युवक उसे अपनी बाइक से घर छोड़ने के लिए निकल गया।
मिनी स्टेडियम के पास पीछे से हूटर की आवाज आने पर युवक ने सोचा कि पुलिस की गाड़ी आ रही है। इसलिए अपनी बाइक को किनारा कर रास्ता दिया। लेकिन देखा कि पुलिस की कोई गाड़ी नहीं थी। बुलेट सवार दो युवक बाइक में अवैध तरीके से लगाए हूटर को बजा रहा था। इस बीच बुलेट सवार युवक ने घूरने की बात कहते हुए बदतमीजी शुरू कर दी. युवती को घर छोड़ने जा रहे युवक के जवाब देने पर आरोपितों ने बुलेट से पीछा करने के बाद जेल रोड चौराहे पर गाड़ी रुकवा ली और युवक संग मारपीट की। युवती के बीच-बचाव करने पर उसे भी बाल पकड़ घसीट दिया। खुद को बचाने के लिए किसी तरह बाइक स्टार्ट कर पीड़ित मौके से निकल गए। लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। इसके बाद युवती ने घर में अपने भाई को फोन कर घटना की जानकारी देकर मदद मांगी. साथ ही युवकों का वीडियो बनाना भी शुरू कर दिया।
भाई ने लोकेशन पूछ कहा कि वह रामपुर रोड स्थित अग्रसेन भवन पहुंच रहा है। बाइक सवार अपनी मुहंबोली बहन संग यहां पहुंचा तो देखा कि बुलेट सवार अब भी उसके पीछे पड़े हैं। घबराकर दोनों समता आश्रम गली के रास्ते बाइक को बरेली रोड पर मोड़ दिया। यहां आड़ लेकर छुप गए। इधर, फोन से पुन: संपर्क होने पर युवती का सगा भाई व अन्य लोग भी पहुंच गए, तब जाकर राजपुरा निवासी युवक और रामपुर रोड युवती ने चैन की सांस ली। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अजय थापा निवासी बड़ी मुखानी पीलीकोठी और अजय फर्त्याल निवासी फतेहपुर के विरुद्ध बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। आपराधिक घटना में इस्तेमाल बाइक सीज की गई है। पुलिस के अनुसार अजय फर्त्याल बाजपुर स्थित एक स्कूल में नौकरी कर चुका है. हैरानी की बात यह है कि उसके बावजूद पुलिस घटना को नहीं रोक सकी।


