ऋषिकेश में जुटेंगे देशभर के 60 मेयर, ऑल इंडिया मेयर काउंसिल की बैठक के लिए तैयारियां पूरी

ऋषिकेश: ऑल इंडिया मेयर काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक के लिए देशभर से मेहमानों का ऋषिकेश पहुंचना शुरू हो गया है। दो दिवसीय इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के करीब 60 मेयरों के शामिल होने की संभावना है। बैठक का आयोजन इंद्रमणि बडोनी चौक स्थित एक होटल में किया जाएगा, जबकि त्रिवेणी घाट पर गंगा आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
नगर निगम कार्यालय में जानकारी देते हुए मेयर शंभू पासवान ने बताया कि बैठक में शामिल होने वाले 46 मेयरों की सूची की पुष्टि हो चुकी है, जबकि अन्य प्रतिनिधियों के भी पहुंचने की उम्मीद है। कार्यक्रम को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
उन्होंने बताया कि 3 जून को सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। पहले और दूसरे सत्र का आयोजन होटल में होगा, जबकि तीसरा सत्र त्रिवेणी घाट पर आयोजित किया जाएगा।
त्रिवेणी घाट में आयोजित सत्र के दौरान भव्य गंगा आरती के साथ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। प्रसिद्ध लोकगायक प्रीतम भरतवाण जागर और गढ़वाली लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में देशभर से आए मेहमानों के साथ पार्षद, उनके परिजन और स्थानीय नागरिक भी शामिल होंगे।
आयोजन में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के भी शामिल होने की संभावना है। 4 जून को त्रिवेणी घाट पर सुबह के कार्यक्रमों के बाद होटल में समापन सत्र आयोजित किया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पार्षदों को विशेष पास जारी किए जाएंगे। इस आयोजन के माध्यम से विभिन्न शहरों के मेयर शहरी विकास, स्वच्छता, जनसुविधाओं और स्थानीय निकायों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।



