ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित ट्रक 20 मीटर नीचे गिरा; चालक समेत महिला की मौत

ऋषिकेश: भद्रकाली तिराहे से आगे ब्रह्मानंद मोड़ के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक अनियंत्रित ट्रक सड़क से करीब 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक और झोपड़ी में रह रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के साथ सड़क पर लगे दो कंक्रीट डिवाइडर भी टूटकर नीचे जा गिरे। डिवाइडर सड़क किनारे बनी झोपड़ी पर जा गिरे, जहां महिला मौजूद थी। डिवाइडर की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक की भी वाहन की चपेट में आने से जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ टीम ने डिवाइडर के नीचे दबी महिला को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जबकि चालक को टीम के पहुंचने से पहले ही अस्पताल ले जाया गया था। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान चालक फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर हरिद्वार और कौशल्या पत्नी सुरेश, उम्र 42 वर्ष, निवासी बावाड़ी शिवपुरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



