उत्तराखंड

हरिद्वार में बेकाबू बस ने ऑटो और चार कारों को मारी टक्कर, ऑटो चालक गंभीर

Listen to this article

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार निजी बस ने जमकर कहर बरपाया। दुर्गा चौक के पास बेकाबू बस ने एक ऑटो और चार कारों को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस की चपेट में आने से एक कुत्ते की भी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे निजी बस दुर्गा चौक की ओर से गुजर रही थी। बस फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने के लिए जा रही थी। इसी दौरान दुर्गा चौक के पास बस ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़ी चार कारों को भी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं, निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर, गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे में उनका हाथ कटकर अलग हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जौलीग्रांट स्थित हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

हादसा एक निजी अस्पताल के बाहर हुआ। बस ने अस्पताल के बाहर खड़े वाहनों को भी टक्कर मारी। गनीमत रही कि हादसे के समय अस्पताल के बाहर मरीजों और तीमारदारों की भीड़ नहीं थी। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार चालक की पहचान विपिन कुमार सैनी निवासी सहारनपुर, हाल निवासी सीतापुर ज्वालापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बस को भी कब्जे में ले लिया है।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि घायल ऑटो चालक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!