टिहरी में सत्संग की आड़ में धर्मांतरण के आरोप, वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस

टिहरी गढ़वाल: टिहरी जिले के जाखणीधार विकासखंड के कैथोली गांव में कथित धर्मांतरण के आरोपों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि एक परिवार द्वारा क्रिश्चियन सत्संग के नाम पर 30 से 40 लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने लगाए कई आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने चंद्रबदनी धाम के मुख्य मार्ग के पास सड़क पर अतिक्रमण कर निर्माण कराया है। साथ ही उसके धार्मिक और सामाजिक दस्तावेजों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप लगाने वालों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति अलग-अलग परिस्थितियों में अलग-अलग पहचान बताता है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि, अतिक्रमण या कानून का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस
सीओ टिहरी महेश लखेड़ा ने बताया कि अंजनीसैण क्षेत्र से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें धर्मांतरण के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, यदि किसी व्यक्ति द्वारा भ्रामक या तथ्यहीन जानकारी प्रसारित की गई होगी, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद ही होगी स्थिति स्पष्ट
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें।



