उत्तराखंड

उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, 15 अप्रैल रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना

Listen to this article

मौसम अपडेट। मौसम विभाग ने 15 अप्रैल की रात से एक नया लेकिन कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना जताई है। इसके असर से पूरे सप्ताह उत्तराखंड का मौसम प्रभावित रह सकता है और ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश, आंधी-तूफान और बर्फबारी होने के आसार हैं।

विभाग के अनुसार 15 अप्रैल को सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 16 से 19 अप्रैल के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, आंधी-तूफान और 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। विशेषज्ञों के मुताबिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी 20 अप्रैल तक जारी रह सकती है।

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने पर असर

मौसम में आए इस बदलाव से जहां कुछ दिनों से बढ़ रही गर्मी से राहत मिलने की संभावना है, वहीं यह बदलाव तीर्थयात्रा के लिहाज से चुनौतीपूर्ण हो सकता है। गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खुलने हैं। प्रशासन पहले से ही भारी बर्फबारी से जूझ रहा है, ऐसे में ताजा बर्फबारी से बर्फ हटाने और यात्रा मार्गों को सुरक्षित बनाने में और कठिनाई हो सकती है।

20 अप्रैल तक कैसा रहेगा मौसम

15 अप्रैल (बुधवार): सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

16 अप्रैल (गुरुवार): उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ बहुत हल्की बारिश या 3800 मीटर से ऊपर बर्फबारी, बाकी जिलों में शुष्क मौसम।

17 अप्रैल (शुक्रवार): उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना, अन्य जिलों में शुष्क मौसम।

18 अप्रैल (शनिवार): इन्हीं 5 जिलों में हल्की से बहुत हल्की बारिश और बर्फबारी, बाकी जिलों में शुष्क मौसम।

19 अप्रैल (रविवार): उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में गरज के साथ बारिश व बर्फबारी, अन्य जिलों में शुष्क मौसम।

20 अप्रैल (सोमवार): उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और बर्फबारी, बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

मैदानी इलाकों में बढ़ेगा तापमान

पहाड़ी इलाकों में जहां बारिश और बर्फबारी की संभावना है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में अगले 4-5 दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। देहरादून में 14 अप्रैल को तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि 17 अप्रैल के आसपास संभावित बारिश के बाद थोड़ी गिरावट संभव है।

तापमान का हाल

बीते दिन मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में सामान्य से थोड़ा कम दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान मैदानी क्षेत्रों में सामान्य से काफी कम रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस पंतनगर (ऊधम सिंह नगर) में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस मुक्तेश्वर (नैनीताल) में दर्ज किया गया।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!