उपराष्ट्रपति ने जताया शोक, आज बसंत विहार स्थित आवास पर देंगे श्रद्धांजलि

देहरादून। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी (मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी, सेनि.) के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में उनका योगदान मील के पत्थर के रूप में हमेशा याद रखा जाएगा। उनके निधन से देश ने एक विशिष्ट सैनिक, सक्षम प्रशासक और असाधारण सत्यनिष्ठा वाले राजनेता को खो दिया है।
सूत्रों के अनुसार उपराष्ट्रपति बुधवार को देहरादून स्थित बसंत विहार में खंडूड़ी के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उल्लेखनीय है कि 17 जनवरी को देहरादून दौरे के दौरान भी उपराष्ट्रपति ने उनके घर पहुंचकर मुलाकात की थी और लोकसभा में पूर्व सहकर्मी के रूप में अपने संबंधों को याद किया था।
49 दिनों से थे अस्पताल में भर्ती, कार्डियक अरेस्ट से निधन
पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेनि.) का मंगलवार सुबह 11:10 बजे 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार उन्हें एक अप्रैल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में उनकी आंतों में रक्तस्राव की पुष्टि हुई थी और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था।
मंगलवार सुबह उन्हें हल्का कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उनका निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और पिछले 49 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। उनकी हालत में सुधार न होने के कारण चिकित्सकीय निगरानी लगातार जारी थी।
प्रदेश में शोक की लहर, स्कूल और कार्यालय बंद
पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। इसके तहत प्रदेश के शासकीय, अशासकीय और निजी स्कूलों सहित सरकारी कार्यालयों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे और शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम स्थगित रहेंगे।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने इस संबंध में आदेश जारी कर सभी शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया है।
भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है और विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक संगठनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।



