भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग की राहत भरी खबर, जल्द होगी बारिश
देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर मैदानी जिलों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है, वहीं दूसरी ओर पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में राहत मिलने की संभावना जताई है।
मैदानी इलाकों में मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिला। दोपहर के समय भीषण गर्मी के चलते बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, हालांकि दोपहर बाद हवाओं में हल्की नरमी आने से तापमान घटकर 38.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा।
वहीं हरिद्वार और रुड़की में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गर्म हवाओं और उमस के कारण लोग पूरे दिन परेशान नजर आए।
इसके उलट पर्वतीय जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ दिखाई दिया। सुबह धूप खिलने के बाद दोपहर में आसमान पर बादल छा गए। चमोली और बद्रीनाथ धाम में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं मुनस्यारी और बागेश्वर सहित उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
मौसम विभाग के अनुसार पिथौरागढ़ में 17.4 एमएम, डीडीहाट में 8 एमएम, बेरीनाग में 2 एमएम और गरूड़ में 1.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। नई टिहरी में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में मौसम फिलहाल शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन से पांच दिनों के भीतर तापमान में तीन से पांच डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इससे मैदानी इलाकों में भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने बताया कि 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके असर से उत्तराखंड समेत देश के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।



