उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश-ओलावृष्टि और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी
देहरादून। उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। वहीं कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा से बचने की सलाह दी है।
मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा। प्रदेशभर में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार 7 जून तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रह सकता है।
चारधाम यात्रा मार्गों पर भी प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।



