होमस्टे में महिला की संदिग्ध मौत, बीएसएफ जवान पर हत्या का मुकदमा दर्ज

देहरादून: राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक बीएसएफ जवान पर अपनी प्रेमिका को कथित तौर पर जहर देकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद जवान ने भी कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। फिलहाल उसका दून अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी तब मिली जब आरोपी की पत्नी ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति ने फोन कर अपनी लोकेशन भेजी और बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है तथा स्वयं भी जहर खा लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस लोकेशन के आधार पर मियांवाला चौक स्थित एक होमस्टे पहुंची।
मौके पर एक कमरे में 38 वर्षीय बीएसएफ जवान, निवासी मोहब्बेवाला (क्लेमेंटाउन), बेसुध अवस्था में मिला, जबकि 40 वर्षीय महिला, निवासी गूलरघाटी (नकरौंदा), मृत पाई गई। पुलिस ने घायल जवान को पहले नजदीकी अस्पताल और बाद में दून अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। बीएसएफ जवान छुट्टी पर घर आया हुआ था और पिछले दो दिनों से महिला के साथ उक्त होमस्टे में ठहरा हुआ था।
मृतका के पति ने डोईवाला कोतवाली में दर्ज कराई गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी और आरोपी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी संबंध को लेकर विवाद के चलते बीएसएफ जवान ने उनकी पत्नी को जहर देकर मार डाला।
घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। मृतका के पति की शिकायत के आधार पर आरोपी बीएसएफ जवान के खिलाफ डोईवाला कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके स्वस्थ होने के बाद पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।



