
जनपद देहरादून में संचालित सार्वजनिक परिवहन सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई, यात्री सुविधा तथा किराया वसूलने की स्थिति की जांच हेतु आज एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह निरीक्षण संयुक्त परिवहन अधिकारी कार्यालय के कर्मियों द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न सार्वजनिक परिवहन साधनों की गुणवत्ता की जांच की गई।
संयुक्त परिवहन अधिकारी (प्रशासन) देहरादून सन्दीप सैनी के नेतृत्व में यह अभियान देहरादून ISBT, रेलवे स्टेशन तथा प्रमुख ऑटो स्टैंड्स पर चलाया गया। निरीक्षण के दौरान ऑटो चालकों द्वारा निर्धारित किराया वसूली, वाहन की सफाई तथा यात्रियों के साथ व्यवहार की स्थिति की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान डोईवाला से प्रेमनगर तक चलने वाली सिटी बस संख्या UK07PA0453 में सवार होकर टीम ने यात्रियों से फीडबैक लिया। महिला यात्रियों ने सीट आरक्षण की व्यवस्था की सराहना की, साथ ही चालक व परिचालक की वर्दी तथा व्यवहार को भी संतोषजनक बताया।
ऑटो, मैजिक, विक्रम, ओला व ऊबर जैसी सेवाओं का भी निरीक्षण किया गया। अधिकांश वाहनों की सफाई स्थिति संतोषजनक पाई गई, हालांकि कुछ वाहनों में सवारियों की संख्या अधिक थी।
रेडियो टैक्सी सेवाओं को लेकर अधिकारियों ने निर्देश दिए कि रेडियो टैक्सी चालकों से यात्रियों की सुरक्षा, साफ-सफाई व निर्धारित किराया वसूली की सुनिश्चितता की जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि कोई एजेंसी इन मानकों का पालन नहीं करती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त परिवहन अधिकारी (प्रशासन) देहरादून ने सभी परिवहन सेवा प्रदाताओं से अपील की कि वे अपने वाहनों की सफाई, चालक-परिचालक के व्यवहार तथा किराया वसूली व्यवस्था को बेहतर बनाए रखें ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सेवा मिल सके।