उत्तराखंड

पौड़ी में बड़ा हादसा टला, 30 यात्रियों से भरी बस गिरी खाई में

Listen to this article

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी जिले में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। दुगड्डा से आगे गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन (जीएमओयू) की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में चालक समेत करीब 30 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि बस खाई में एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आने की सूचना है। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी नहीं है।

जानकारी के अनुसार, जीएमओयू की हिमगिरी बस बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। बस कोटद्वार निवासी चालक अशोक ममगाईं चला रहे थे। बताया जा रहा है कि भदालीखाल के पास अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया, जिससे बस आगे नहीं बढ़ सकी।

सड़क पर पीछे की ओर ढलान होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और बाईं ओर स्थित खाई में जा गिरी। बस के पेड़ से टकराकर रुकने से यात्रियों की जान बच गई। हादसे के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया। कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आने की सूचना है, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी नहीं मिली है।

पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क हादसों पर चिंता

उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में सड़क दुर्घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। इन हादसों को रोकने के लिए परिवहन और पुलिस विभाग की ओर से प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं। वहीं, निर्माण एजेंसियां सड़कों को दुरुस्त करने और शिक्षा विभाग सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने में जुटा है।

इसके बावजूद सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों में अपेक्षित कमी नहीं आ पाई है। पहाड़ी क्षेत्रों में चिह्नित ब्लैक स्पॉट भी सड़क हादसों की प्रमुख वजहों में शामिल माने जाते हैं। इन स्थानों पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!