Breakingउत्तराखंडकुमाऊँगढ़वालदेहरादूनस्वास्थ्य
Trending

दून मेडिकल कॉलेज की नई पहल: अब मोबाइल पर मिलेगी खून की जांच रिपोर्ट

Listen to this article

देहरादून

दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों के लिए अच्छी खबर है। अब मरीजों को खून की जांच रिपोर्ट लेने के लिए लंबी लाइनों में लगने या अस्पताल के बार-बार चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अस्पताल में अब मरीजों को उनकी जांच रिपोर्ट सीधे मोबाइल फोन पर उपलब्ध कराई जा रही है।

अस्पताल प्रशासन ने आभा आईडी (ABHA ID) के माध्यम से ऑनलाइन रिपोर्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू कर दी है। प्राचार्य डॉ. गीता जैन और एमएस डॉ. आरएस बिष्ट की पहल पर इस व्यवस्था का ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है और अब मरीजों को यह सुविधा मिलने लगी है।

अस्पताल में पीओसीटी एजेंसी के सैंपल कलेक्शन काउंटर पर मरीजों के पर्चों को सीधे सैंपल के क्यूआर कोड से लिंक किया जा रहा है। इसके बाद जांच पूरी होने पर रिपोर्ट सीधे मरीज के मोबाइल पर भेज दी जाती है। शुरुआत में रोजाना लगभग 40 से 50 मरीजों को उनकी ऑनलाइन रिपोर्ट भेजी जा रही है।

पंजीकरण प्रभारी विनोद नैनवाल के अनुसार अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 2200 से 2500 मरीज पहुंचते हैं। इनमें से करीब 700 मरीजों के पर्चे रोजाना ड्रिफकेस ऐप के माध्यम से ऑनलाइन बनाए जा रहे हैं।

तकनीकी समस्या भी आई सामने

ऑनलाइन रिपोर्टिंग की प्रक्रिया के दौरान एक छोटी तकनीकी समस्या भी सामने आई है। ड्रिफकेस ऐप में पर्चा बनाते समय कई मरीज केवल मोबाइल नंबर दर्ज कर रहे हैं। इससे उनके पर्चे पर आभा आईडी जनरेट नहीं हो पा रही है, जिसके कारण एजेंसी कर्मियों को सैंपल का बार कोड लिंक करने में परेशानी हो रही है। इसलिए मरीजों से अपील की गई है कि ऐप में केवल आधार नंबर का ही उपयोग करें।

एमएस डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि यह नई व्यवस्था मरीजों के लिए काफी सुविधाजनक साबित होगी। जो मरीज आभा आईडी के जरिए अपना पर्चा बनवाएंगे, उनकी जांच रिपोर्ट सीधे उनके मोबाइल ऐप में उपलब्ध हो जाएगी।

Faizan Khan Faizy Editorial Advisor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!