
उत्तराखंड। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने पीसीएस मुख्य परीक्षा 2026 का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार मुख्य परीक्षा का आयोजन 27 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच किया जाएगा। परीक्षा के एडमिट कार्ड 11 अप्रैल 2026 को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि 27 अप्रैल को सामान्य हिंदी और निबंध का प्रश्नपत्र होगा। 28 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-1 और सामान्य अध्ययन-2 की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 29 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-3 और सामान्य अध्ययन-4 के पेपर होंगे, जबकि 30 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-5 और सामान्य अध्ययन-6 की परीक्षा संपन्न होगी।
41 अभ्यर्थी भर्ती से बाहर
आयोग ने निर्धारित तिथि 5 फरवरी तक मुख्य परीक्षा शुल्क जमा न करने वाले 41 अभ्यर्थियों को पीसीएस भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया है। इन सभी अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं।
एडमिट कार्ड जारी
राज्य लोक सेवा आयोग ने उत्तराखंड न्यायिक सेवा सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) मुख्य परीक्षा के एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा 21 से 24 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जाएगी।
परीक्षा हरिद्वार स्थित आयोग के परीक्षा भवन में कराई जाएगी। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने और आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की है।



