उत्तराखंड

धामी कैबिनेट की 23 मुहर! वन आरक्षी की उम्र 28 हुई, PG डॉक्टरों को 2 साल सरकारी सेवा अनिवार्य, भू-उपयोग शुल्क में 25% कटौती

Listen to this article

धामी कैबिनेट के फैसले! युवाओं को राहत, डॉक्टरों पर नया नियम लागू….

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। कैबिनेट के फैसलों में स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, आबकारी और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई अहम निर्णय शामिल हैं। बैठक में वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष करने, सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल तक सरकारी सेवा अनिवार्य करने और भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क में 25 प्रतिशत की कमी करने जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

कैबिनेट बैठक के बाद अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने फैसलों की जानकारी दी। सरकार ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल तक राजकीय सेवा अनिवार्य कर दी है। इसके लिए बॉन्ड की व्यवस्था लागू की जाएगी। ऐसे डॉक्टरों को निर्धारित अवधि तक सरकारी अस्पतालों में सेवाएं देनी होंगी। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना है।

वन आरक्षी भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी कैबिनेट का फैसला अहम है। सरकार ने वन आरक्षी पद पर भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी है। इसके अलावा राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में बदलाव के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर कैबिनेट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अंतिम निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया है। वहीं उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली के विस्तार के तहत सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को भी मंजूरी दी गई है।

कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) योजना के तहत अब बी फार्मा को भी शामिल किया जाएगा। इससे पहले इस योजना में डी फार्मा ही अनुमन्य था। इसके साथ ही चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत एक्स-रे तकनीशियन नियमावली को भी कैबिनेट की स्वीकृति मिल गई है।

प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े फैसलों में उत्तराखंड राज्य नियोजन आयोग के अंतर्गत सेतु आयोग के ढांचे को मंजूरी दी गई है। वहीं आबकारी विभाग में 11 नए पदों के सृजन को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।

कैबिनेट ने भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरों में 25 प्रतिशत की कमी करने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगा दी है। इसके अलावा हरिद्वार शहर में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली लागू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके लिए रूट भी निर्धारित किए गए हैं।

चीनी मिलों को पेराई सत्र के दौरान सरकारी बैंक से गारंटी उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी है। वहीं विधानसभा सत्र के सत्रावसान को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

धामी कैबिनेट की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन फैसलों में युवाओं के लिए भर्ती संबंधी राहत, सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय, सामाजिक सुरक्षा और शहरी परिवहन व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!