
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) एवं प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) के कुल 10 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से जारी स्थानांतरण एवं तैनाती आदेश के तहत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फेरबदल में नैनीताल और अल्मोड़ा के जिलाधिकारी भी बदल दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, IAS अधिकारी ललित मोहन रयाल (2011 बैच) को जिलाधिकारी नैनीताल के पद से हटाकर अपर सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग तथा अपर सचिव, मुख्यमंत्री कार्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, विनीत तोमर (IAS-2014) को प्रबंध निदेशक, कुमाऊं मंडल विकास निगम के साथ उपाध्यक्ष, जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
निधि यादव (IAS-2017) को अपर सचिव, कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी से मुक्त करते हुए अपर सचिव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा निदेशक, खेल एवं युवा कल्याण बनाया गया है।
वहीं, दीप्ति सिंह (IAS-2017) को निदेशक, खेल एवं युवा कल्याण के पद से हटाकर जिलाधिकारी अल्मोड़ा की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। दूसरी ओर, अंशुल सिंह (IAS-2018) को जिलाधिकारी अल्मोड़ा से स्थानांतरित कर जिलाधिकारी नैनीताल बनाया गया है।
PCS अधिकारियों के भी बदले दायित्व
शासन ने PCS अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया है। कृष्ण कुमार मिश्रा को अपर जिलाधिकारी देहरादून से हटाकर अपर जिलाधिकारी हरिद्वार बनाया गया है।
पंकज कुमार उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी, कुंभ मेला हरिद्वार के साथ अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वहीं, वैभव गुप्ता को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार से स्थानांतरित कर अपर जिलाधिकारी देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा, सीमा विश्वकर्मा को डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा एवं नगर आयुक्त नगर निगम अल्मोड़ा के दायित्व से मुक्त करते हुए डिप्टी कलेक्टर नैनीताल बनाया गया है। वहीं, सुधीर कुमार को डिप्टी कलेक्टर नैनीताल से हटाकर डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने तथा इसकी सूचना कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इस प्रशासनिक फेरबदल को प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था को नई जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



