‘अतीक अहमद जैसा अंजाम’ देने की धमकी: ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य को आपत्तिजनक ऑडियो संदेश, मचा हड़कंप

ज्योतिर्मठ। ज्योतिर्मठ पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वati को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। पीठ के मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि आधिकारिक नंबर पर आपत्तिजनक टेक्स्ट और वॉइस मैसेज प्राप्त हुए हैं, जिनमें शंकराचार्य को ‘अतीक अहमद जैसा अंजाम’ देने की धमकी दी गई है।
मीडिया प्रभारी के अनुसार, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पिछले कुछ वर्षों से ‘गौ माता–राष्ट्रमाता’ अभियान चला रहे हैं, जिसका उद्देश्य देश में गौ-हत्या पर प्रतिबंध की मांग को लेकर जनजागरण करना है। इसी क्रम में 3 मई से उत्तर प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में उनकी ‘गविष्ठी यात्रा’ प्रस्तावित है, जहां वे गौ-रक्षा और ‘राम गौ धाम’ निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे।
आधिकारिक नंबर पर आए आपत्तिजनक संदेश
बताया गया कि 1 अप्रैल 2026 को सुबह 10:25 से 10:35 बजे के बीच ज्योतिर्मठ के आधिकारिक नंबर पर लगातार आपत्तिजनक टेक्स्ट संदेश प्राप्त हुए। नंबर ब्लॉक करने के बाद 6 अप्रैल को दो वॉइस मेल भी आए। इन संदेशों में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए शंकराचार्य को जान से मारने और यात्रा के दौरान हमला करने जैसी धमकियां दी गईं।
धमकी भरे संदेश
पीठ की ओर से साझा किए गए विवरण के अनुसार, पहले ऑडियो संदेश में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा गया कि शंकराचार्य “बच नहीं पाएंगे” और “अतीक अहमद की तरह मारे जाएंगे।” संदेश में यात्रा के दौरान हमला करने और “बीच रास्ते खत्म कर देने” जैसी धमकियां दी गईं।
दूसरे संदेश में भी इसी तरह की भाषा का प्रयोग करते हुए कहा गया कि उनका “समय आ गया है” और “उन्हें खत्म करने के लिए बहुत लोग तैयार हैं।” संदेश में उन्हें सामने आकर बात करने की चुनौती भी दी गई।
(नोट: संदेशों में अत्यंत आपत्तिजनक और अश्लील शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिन्हें सार्वजनिक शालीनता के मद्देनजर प्रकाशित नहीं किया जा रहा है।)
विधिक कार्रवाई की तैयारी
मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने कहा कि मामले में विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है और शंकराचार्य के अधिवक्ता के माध्यम से संबंधित एजेंसियों में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।



