
श्रीनगर। ईद मिलाद-उन-नबी और रक्षाबंधन के अवसर पर मुस्लिम समाज श्रीनगर की ओर से जामा मस्जिद परिसर में तीसरे विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। बेस अस्पताल श्रीकोट के ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए आयोजित शिविर में समाज के युवाओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। शिविर में 105 लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
रक्तदान के प्रति लोगों में उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुबह से ही जामा मस्जिद परिसर में रक्तदान करने वालों की लंबी कतार लग गई। बड़ी संख्या में लोग स्वेच्छा से रक्तदान के लिए पहुंचे। हालांकि ब्लड बैंक में रक्त को स्टोर करने की क्षमता पूरी हो जाने के कारण करीब 20 इच्छुक रक्तदाता रक्तदान नहीं कर सके।
शिविर के सफल आयोजन में शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, वरिष्ठ नागरिकों और प्रशासन का सहयोग रहा। बेस अस्पताल श्रीकोट के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सतीश के नेतृत्व में ब्लड बैंक की टीम सुबह से शाम तक शिविर में जुटी रही। टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक जांच और रक्त संग्रह की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।

आयोजकों ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से मुस्लिम समाज श्रीनगर की ओर से लगातार तीसरी बार रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में युवाओं के साथ महिलाओं की भागीदारी भी देखने को मिली।
शिविर के आयोजन में परवेज अहमद, जामीन अंसारी, नजमुल राव, जावेद हैदर, जावेद अहमद, इस्लाम, वकील अहमद, अकील, मुकीम, गुलफाम, लक्की, शाकिर, फरमान, पप्पू, शाह आलम, इरशाद, शमीम अहमद सहित बड़ी संख्या में लोगों ने सहयोग किया। आयोजकों ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं, वरिष्ठ नागरिकों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।



