उत्तराखंडशिक्षा

टैक्सी चालक की बेटी गीतिका पंत बनी प्रदेश टॉपर, 98% अंकों के साथ रचा इतिहास

Listen to this article

बागेश्वर। सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन के दम पर सैज, तहसील रोड निवासी गीतिका पंत ने उत्तराखंड इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस सफलता से परिवार, विद्यालय और पूरे जिले में खुशी की लहर है।

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा घोषित परिणाम में गीतिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वह सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, चौरासी की छात्रा हैं।

गीतिका के पिता चंद्रशेखर पंत एक टैक्सी चालक हैं, जो परिवार का भरण-पोषण करने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। उनकी माता रितिका पंत गृहिणी हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद परिवार ने बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।

गीतिका पहले भी हाईस्कूल परीक्षा में 97.6 प्रतिशत अंक लाकर जिला टॉपर रह चुकी हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उनका कहना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।

गीतिका का सपना इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना है। उनकी उपलब्धि ने न केवल क्षेत्र का नाम रोशन किया है, बल्कि यह संदेश भी दिया है कि बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!