उत्तराखंड में मौसम बदला, बदरीनाथ धाम में बर्फबारी, कई जिलों में बारिश और अंधड़ का अलर्ट

उत्तराखंड मौसम । बीते कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के बीच उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। पहाड़ी क्षेत्रों में बादल छाने के साथ बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। देर शाम बदरीनाथ धाम में बर्फबारी होने से मौसम में ठंडक लौट आई।
भारतीय मौसम विभाग ने पहले ही उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी। विभाग के अनुसार 4400 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार थे, जो बदरीनाथ क्षेत्र में देखने को मिले।
मौसम निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।



