उत्तराखंड

वन विभाग अलर्ट मोड पर, पौड़ी में आग लगाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Listen to this article

पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी गढ़वाल में जंगलों में आग लगाने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वन विभाग सिविल एवं सोयम की टीम ने कल्जीखाल क्षेत्र में दोनों आरोपियों को जंगल में आग लगाते हुए रंगे हाथ पकड़ा। दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

डीएफओ सिविल एवं सोयम पवन नेगी ने बताया कि जिले के कई इलाकों में लगातार जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। आग पर काबू पाने के लिए विभाग की टीमें दिन-रात प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और राहत कार्य में जुटी हुई हैं।

उन्होंने बताया कि कल्जीखाल क्षेत्र में गश्त के दौरान वन विभाग की टीम ने दो व्यक्तियों को जंगल में आग लगाते हुए पकड़ा। पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार सिंह पुत्र जगत सिंह (38 वर्ष) निवासी ग्राम फल्दा, पट्टी पटवालस्यूं और महेंद्र सिंह पुत्र गोविंद सिंह (56 वर्ष) निवासी ग्राम फल्दा, पट्टी पटवालस्यूं, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है।

डीएफओ ने कहा कि जंगलों में आग लगने से बहुमूल्य वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है। इसके साथ ही वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास भी प्रभावित हो रहा है। कई बार आग की वजह से जंगली जानवर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा बढ़ जाता है।

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि कहीं जंगल में आग लगती दिखाई दे या कोई व्यक्ति आग लगाता नजर आए तो इसकी सूचना तुरंत वन विभाग या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके।

गौरतलब है कि इन दिनों जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। जंगलों से उठने वाला धुआं पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के साथ ही स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर डाल रहा है। धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!