अमित शाह के कार्यक्रम में बदलाव, पहले पदयात्रा में होंगे शामिल; जानिए पूरा कार्यक्रम

देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छह नवंबर को देहरादून दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब वह पहले परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाली भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा और जनसभा में शामिल होंगे। इसके बाद रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।
भट्ट ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गृह मंत्री को पहले पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन अब कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। शाह करीब दोपहर 12 बजे परेड ग्राउंड पहुंचेंगे और पदयात्रा में शामिल होंगे। इसके बाद वह पुलिस लाइन के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
भाजपा ने पदयात्रा और जनसभा को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। देहरादून और हरिद्वार समेत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में लाने की तैयारी की जा रही है। मंगलवार को महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में रायपुर, राजपुर, धर्मपुर, कैंट और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें आयोजित की गईं।
बैठकों में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ और सविता कपूर ने कार्यकर्ताओं से विधानसभा, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर बैठकें कर अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मुख्य सचिव ने परखी तैयारियां
राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में छह नवंबर को परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। शासन के अधिकारी समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन ने मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परेड ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा, प्रोटोकॉल, बैठने की व्यवस्था, साउंड सिस्टम और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के पुख्ता इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए।
तीन घंटे रहेगा यातायात डायवर्जन
परेड ग्राउंड में छह नवंबर को होने वाली जनसभा के मद्देनजर शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। पुलिस के अनुसार, सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक यातायात डायवर्जन प्रभावी रहेगा। पुलिस ने आमजन से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने और आयोजन के दौरान सहयोग करने की अपील की है।



