उत्तराखंड

केदारताल ट्रेक हादसा: चार ट्रेकर्स के शव मिले, दो बहनों की हुई पहचान;लापता लोगों की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी

Listen to this article

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के केदारताल ट्रेक पर लापता ट्रेकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश में रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। अभियान के दौरान अब तक चार लोगों के शव मिल चुके हैं। इनमें से तीन शवों को हेलीकॉप्टर से मातली हेलीपैड पहुंचाया गया है। इनमें दो की पहचान लखनऊ के विकासनगर स्थित गायत्री पुरम निवासी बहनों वर्तिका वर्मा (28) और दीपिका (29) के रूप में हुई है। तीसरे शव की शिनाख्त की कार्रवाई चल रही है। वहीं, एक अन्य शव को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।

तहसीलदार भटवाड़ी ने बताया कि मातली लाए गए तीन शवों में से दो की पहचान हो चुकी है। तीनों शवों को जिला अस्पताल में रखा गया है। आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि केदारताल क्षेत्र में लापता ट्रेकर्स और उनके साथ गए सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश के लिए एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस लगातार अभियान चला रही है।

27 अक्टूबर को ट्रेक पर निकला था 13 सदस्यीय दल

जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को गंगोत्री से सात ट्रेकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ समेत कुल 13 सदस्यीय दल केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। खराब मौसम, भारी बर्फबारी और ग्लेशियर के कारण रास्ता अवरुद्ध हो गया। इस वजह से दल निर्धारित समय पर वापस नहीं लौट सका। सूचना मिलने के बाद प्रशासन के समन्वय से एसडीआरएफ, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम), वन विभाग और ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें खोज एवं बचाव अभियान में जुट गईं।

दुर्गम परिस्थितियों में संयुक्त अभियान जारी

एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में टीमें अन्य रेस्क्यू एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर दुर्गम क्षेत्र में सर्चिंग कर रही हैं। अभियान के दौरान मिले तीन शवों (दो पुरुष और एक महिला) को हेलीकॉप्टर से मातली हेलीपैड पहुंचाया गया। एक अन्य शव मिलने के बाद उसे निकालने की कार्रवाई की जा रही है।

प्रतिकूल मौसम, भारी बर्फबारी और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ, एनआईएम, वन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें केदारताल क्षेत्र में लगातार तलाश अभियान चला रही हैं। शेष लापता लोगों की खोज जारी है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!