तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर नितिन नवीन, संगठन और सरकार की करेंगे समीक्षा

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंच चुके हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने इस तीन दिवसीय दौरे के दौरान संगठन और सरकार के कामकाज की समीक्षा करेंगे। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ रणनीतिक बैठकें भी करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरे में संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक पहुंच और लाभार्थियों से सीधा संपर्क जैसे मुद्दों पर विशेष फोकस रहेगा।
भाजपा कार्यालय में भव्य स्वागत
देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-दमाऊं और आतिशबाजी के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। पार्टी कार्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम भी मौजूद रहे। इसके अलावा सांसद तीरथ सिंह रावत, अनिल बलूनी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, नरेश बंसल, माला राज्य लक्ष्मी शाह सहित कई वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में पहुंचे।
सरकार में मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, गणेश जोशी और अन्य भाजपा नेता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात करने पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने भी पार्टी कार्यालय में नितिन नवीन से मुलाकात की।
दो अहम बैठकों से दौरे की शुरुआत
देहरादून पहुंचने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा कार्यालय में संगठन के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद सरकार और संगठन के बीच समन्वय को लेकर भी चर्चा होगी। पहले दिन दो अहम बैठकों का आयोजन किया गया है, जिनमें कई महत्वपूर्ण राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर मंथन होगा।
29 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी दिन वे पार्टी के सांसदों और विधायकों के साथ भी बैठक करेंगे। इन बैठकों में प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, विपक्ष की रणनीति और जनता के बीच सरकार की छवि को लेकर चर्चा की जाएगी।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर फोकस
भाजपा सूत्रों के अनुसार पार्टी इस बार केवल बड़ी जनसभाओं या चुनावी घोषणाओं पर निर्भर नहीं रहना चाहती। इसके बजाय संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक सीधा संपर्क बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष इसी रणनीति को लेकर विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे।
प्रबुद्ध गोष्ठी और युवा संवाद में होंगे शामिल
दौरे के दौरान नितिन नवीन शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी में भी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा बूथ समिति, मंडल कार्यकारिणी, मेयर, जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। प्रदेश के दायित्वधारियों के साथ भी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
भाजपा के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी इसे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने के रूप में देख रही है।



