उत्तराखंड

बीसी खंडूड़ी को श्रद्धांजलि देकर बैठकों में जुटे नितिन नवीन, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

Listen to this article

देहरादून: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने उत्तराखंड प्रवास के दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। इसके बाद वह राजपुर रोड स्थित होटल पहुंचे, जहां पार्टी की विभिन्न बैठकों का दौर शुरू हुआ।

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सबसे पहले सांसदों और विधायकों के साथ बैठक की। बैठक में प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई। इसके बाद दोपहर दो बजे से प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों, महामंत्रियों, जिला प्रभारियों, सह प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की गई।

 

शाम चार बजे से नितिन नवीन महापौरों, नगर पालिका अध्यक्षों, नगर पंचायत अध्यक्षों, जिला पंचायत अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ चर्चा करेंगे। इसके बाद मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल और प्रदेश प्रवक्ताओं की बैठक भी प्रस्तावित है। शाम को वे ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन में गंगा आरती में शामिल होंगे और संतों के साथ संवाद करेंगे।

 

गुरुवार को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी मुख्यालय पहुंचकर प्रदेश कोर कमेटी और मंत्रियों की बैठक भी ली थी। बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने को लेकर पार्टी कार्यक्रमों और संगठनात्मक रणनीति पर मंथन किया गया। साथ ही सरकार के चार वर्षों में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों और विकास कार्यों को भी सराहा गया।

 

जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा मुख्यालय तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया। महिला और युवा कार्यकर्ता पारंपरिक परिधान में नजर आए।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का प्रतीक है कि उत्तराखंड की जनता का भाजपा और उसके नेतृत्व पर अटूट विश्वास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से उत्तराखंड में भाजपा संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा विकास की नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प और सशक्त बनेगा।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!