जंगल की आग की चपेट में आई कार, बारिश से चमोली में कई जगह बुझी वनाग्नि

गोपेश्वर: चमोली जिले में लगातार धधक रही जंगलों की आग ने अब आबादी वाले क्षेत्रों को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है। नगर के पठियालधार क्षेत्र में नर्सिंग कॉलेज के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार जंगल की आग की चपेट में आकर जल गई। घटना के समय आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते वहां खड़े 20 से अधिक अन्य वाहनों को हटा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से जिले के विभिन्न जंगलों में आग लगातार फैल रही थी। बदरीनाथ वन प्रभाग की नंदप्रयाग और चमोली रेंज के साथ ही केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की गोपेश्वर और धनपुर रेंज में आग तेजी से फैलने के कारण आसपास के क्षेत्रों में धुएं का गुबार छाया हुआ था। इससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत और बढ़ते तापमान का भी सामना करना पड़ रहा था।
इसी बीच गुरुवार दोपहर बाद जिले में हुई बारिश लोगों और वन विभाग के लिए राहत लेकर आई। बारिश के चलते जिले में चार से अधिक स्थानों पर लगी आग स्वतः बुझ गई। इसके बाद आसमान में फैला धुआं भी काफी हद तक साफ हो गया। वन विभाग और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
वहीं सोनला पेट्रोल पंप के समीप जंगलों में लगी आग के कारण पहाड़ी से पत्थर टूटकर बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिरने लगे। इससे हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। कई वाहन चालक पत्थरों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। सुरक्षा को देखते हुए करीब आधे घंटे तक हाईवे पर ट्रैफिक रोका गया।
सूचना मिलने पर अपर उप निरीक्षक जतन राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्वयं सड़क पर गिरे पत्थरों को हटाने का कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस की निगरानी में मार्ग को साफ कर यातायात दोबारा सुचारु कराया गया।



