राहुल गांधी के दौरे को सफल बनाने में जुटी कांग्रेस, कंट्रोल रूम स्थापित

देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 4 और 5 जून को प्रस्तावित दो दिवसीय दौरे के मद्देनजर कुमारी शैलजा स्वयं देहरादून पहुंचकर तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रही हैं। अल्मोड़ा, पौड़ी और देहरादून में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पार्टी स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राहुल गांधी के दौरे के संचालन और समन्वय के लिए देहरादून स्थित प्रदेश मुख्यालय में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इस कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को सौंपी गई है। राहुल गांधी के गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्र के कार्यक्रमों के दौरान कंट्रोल रूम उनके सभी कार्यक्रमों पर नजर रखेगा और आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करेगा।
पार्टी की ओर से कंट्रोल रूम के लिए प्रभारी और सदस्यों की नियुक्ति की गई है, जो कार्यक्रमों से जुड़ी जानकारी और व्यवस्थाओं का संचालन करेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों को भी निर्धारित दूरभाष नंबरों के माध्यम से कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कंट्रोल रूम से जुड़े सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करना होगा।
दौरे की तैयारियों को लेकर कुमारी शैलजा ने अल्मोड़ा में प्रस्तावित रैली, पौड़ी के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले पूर्व सैनिक सम्मेलन और देहरादून में प्रस्तावित जनसंवाद कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की।
कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमेशा उत्तराखंड के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाते रहे हैं और राज्य की जनता के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहे हैं। उनके दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार होगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि राहुल गांधी का यह दौरा पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कांग्रेस का मानना है कि राहुल गांधी की मौजूदगी कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेगी और पार्टी को आगामी चुनावी तैयारियों में मजबूती प्रदान करेगी।



