उत्तराखंड

देहरादून में पांच लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, तथाकथित पत्रकार गिरफ्तार

Listen to this article

देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताकर एक प्रॉपर्टी कारोबारी को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने और पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने अनुज अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने प्रॉपर्टी से संबंधित खबर प्रसारित कर कारोबारी को बदनाम करने की धमकी दी थी। इसके डर से कारोबारी ने आरोपी के बताए बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, आजाद कॉलोनी माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्टूबर को कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि चांचक क्षेत्र की एक प्रॉपर्टी को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। इसी बीच एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए उससे संपर्क किया। खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताते हुए आरोपी ने प्रॉपर्टी से संबंधित खबरें अपने प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने की धमकी दी और ऐसा न करने के एवज में पांच लाख रुपये की मांग की।

शिकायत के मुताबिक, धमकी से घबराकर तनवीर खान ने आरोपी की ओर से बताए गए एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए। यह खाता अनुज अग्रवाल के नाम पर बताया गया है। आरोप है कि रकम मिलने के बाद भी आरोपी ने शेष राशि की मांग की और गाली-गलौज करते हुए कारोबारी को धमकाया।

आईएसबीटी के पास से गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने शिकायत के साथ मिले चैट स्क्रीनशॉट और भुगतान संबंधी साक्ष्यों की जांच की। इसके बाद शिकायतकर्ता से संपर्क करने वाले व्यक्ति की पहचान अनुज अग्रवाल के रूप में हुई। पुलिस ने 19 अक्टूबर की रात पटेलनगर क्षेत्र में आईएसबीटी के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर का निवासी है और वर्तमान में देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र स्थित द्वारिकापुरी में रह रहा था। उसकी उम्र 46 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने उसके पास से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है।

डायरी में मिला मोबाइल छिपाने के लिए कथित गुप्त चैंबर

पुलिस का दावा है कि बरामद डायरी में मोबाइल फोन छिपाने के लिए एक गुप्त चैंबर बनाया गया था। आरोप है कि इसका इस्तेमाल लोगों के वीडियो गोपनीय तरीके से रिकॉर्ड करने के लिए किया जाता था। पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से भी कई व्यक्तियों के कथित रूप से गुप्त तरीके से बनाए गए वीडियो मिले हैं। इन वीडियो की जांच की जा रही है।

कई राज्यों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी

पुलिस के अनुसार, अनुज अग्रवाल पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पूर्व में धोखाधड़ी, मारपीट और अमानत में खयानत सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।

पुलिस ने बताया कि उत्तराखंड के अलावा मध्य प्रदेश में चार, पंजाब में एक, ओडिशा में एक और गुजरात में एक अन्य मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। इन मामलों के संबंध में संबंधित राज्यों से जानकारी जुटाई जा रही है।

इस मामले में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 773/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 308(2), 308(4), 351(3) और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना करने के साथ ही बरामद डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!