उत्तराखंड

पौड़ी पहुंचेंगे राहुल गांधी, पूर्व सैनिक सम्मेलन से देंगे चुनावी संदेश

Listen to this article

पौड़ी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को पौड़ी गढ़वाल से उत्तराखंड में कांग्रेस के चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे। अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान राहुल गांधी पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे।

 

कांग्रेस नेताओं के अनुसार राहुल गांधी दोपहर 1:45 बजे पौड़ी पहुंचेंगे, जहां कंडोलिया मैदान में आयोजित कार्यक्रम में करीब एक घंटे तक पूर्व सैनिकों के साथ संवाद करेंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह नेगी, मंत्री प्रसाद नैथानी, विधायक लखपत बुटोला समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

 

राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं। वहीं प्रशासन और पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात और पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक कर वीआईपी रूट और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

 

पार्टी सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी कोटद्वार निवासी दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद दीपक’ से भी मुलाकात कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि वह उनके जिम का दौरा करने के साथ उसकी सदस्यता भी ले सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। दौरे के दौरान राहुल गांधी का रात्रि प्रवास मसूरी में प्रस्तावित है।

 

राहुल गांधी सुबह दिल्ली से विशेष विमान द्वारा पंतनगर पहुंचेंगे, जहां से हेलीकॉप्टर के जरिए अल्मोड़ा रवाना होंगे। अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करने के बाद वह पौड़ी पहुंचेंगे।

 

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पौड़ी गढ़वाल का राजनीतिक इतिहास कांग्रेस के लिए विशेष महत्व रखता है। पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी भी यहां जनसभाओं को संबोधित कर चुके हैं। ऐसे में राहुल गांधी का यह दौरा संगठन को नई ऊर्जा देने और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति को धार देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!