जून में जनवरी जैसी ठंड! उत्तराखंड में बदला मौसम, आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी
उत्तराखंड मौसम अपडेट: उत्तराखंड में जून के महीने में मौसम ने ऐसा करवट बदली है कि लोगों को जनवरी जैसी ठंड का एहसास होने लगा है। राजधानी देहरादून और मसूरी समेत कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश और सर्द हवाओं ने तापमान में भारी गिरावट ला दी है। हालात ऐसे हैं कि लोग एक ही दिन में गर्मी, उमस और ठंड तीनों मौसमों का अनुभव कर रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
24 घंटे में 27 मिमी बारिश, तापमान में आई गिरावट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों में राजधानी में 27 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण दिन और रात के तापमान में असामान्य उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, जिससे मौसम पूरी तरह अस्थिर बना हुआ है।
तीन दिन तक बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 5 से 7 जून तक उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है।
बारिश से सरकारी दफ्तरों में घुसा पानी और मलबा
लगातार हो रही बारिश से देहरादून के सहस्रधारा रोड स्थित ग्राम्य विकास विभाग परिसर में जलभराव और मलबे की समस्या फिर सामने आ गई है। कर्मचारियों के अनुसार पिछले तीन वर्षों से यह समस्या लगातार बनी हुई है। सिंचाई विभाग का नाला कचरे से भरा होने के कारण बारिश का पानी परिसर में प्रवेश कर रहा है। वर्ष 2025 में यहां छह फीट तक पानी भर गया था और परिसर की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई थी।
किसानों की बढ़ी चिंता
अनियमित बारिश और ओलावृष्टि का असर कृषि क्षेत्र पर भी पड़ने लगा है। किसानों का कहना है कि फसलें तैयार होने के दौर में हैं और ऐसे समय में लगातार बारिश नुकसान पहुंचा सकती है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार सामान्य समय पर होने वाली बारिश लाभदायक होती है, लेकिन मौजूदा अनियमित मौसम फसलों के लिए जोखिम पैदा कर सकता है।
दिन में धूप, शाम को ठंड
देहरादून में सुबह तेज धूप निकल रही है, लेकिन दोपहर बाद मौसम अचानक बदल रहा है। काले बादलों के साथ तेज हवाएं चल रही हैं और कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हो रही है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों को शाम और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है। कई लोग जून में भी स्वेटर और हल्की जैकेट का इस्तेमाल कर रहे हैं।
मई से जून तक मौसम में बड़ा बदलाव
मई के अंतिम सप्ताह में देहरादून में भीषण गर्मी दर्ज की गई थी। 26 मई को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस और 27 मई को 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इसके बाद तापमान में लगातार गिरावट आई और 31 मई तक यह 26.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जून की शुरुआत में तापमान फिर बढ़ा, लेकिन 6 जून को अधिकतम तापमान गिरकर 29.9 डिग्री सेल्सियस रह गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और मानसूनी हवाओं के प्रभाव के कारण उत्तराखंड में मौसम तेजी से बदल रहा है। आने वाले दिनों में भी प्रदेशवासियों को मौसम के ऐसे ही उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है।



