हल्द्वानी अग्निकांड: अमेजन के गोदाम में लगी आग, धुएं और लपटों में घिरी जिंदगी, दो कर्मचारियों की मौत

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। रामपुर रोड स्थित अमेजन के गोदाम में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई। दोनों कर्मचारी आग लगने के समय गोदाम के अंदर सो रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12:50 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि रामपुर रोड पर शीतल होटल के सामने स्थित अमेजन गोदाम से आग की ऊंची लपटें उठ रही हैं। सूचना मिलते ही थाना हल्द्वानी पुलिस और फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोका और उस पर पूरी तरह नियंत्रण पाया।
आग बुझने के बाद जब पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने गोदाम के अंदर सर्च ऑपरेशन चलाया तो वहां दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में मिले। अत्यधिक धुएं और आग की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नरेंद्र प्रसाद पुत्र सदी राम, निवासी बागजाला गौलापार तथा 25 वर्षीय अमित आर्य पुत्र प्रताप राम, निवासी पंचायत घर के पास रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। वहीं एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इस अग्निकांड में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान भी जलकर नष्ट होने की आशंका है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



