हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, कैंटीन में मिले बदबूदार चने; मुकदमा दर्ज

हरिद्वार: चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार निरीक्षण अभियान चला रहा है। इसी क्रम में बहादराबाद क्षेत्र स्थित एक शराब की दुकान के परिसर में संचालित कैंटीन पर छापेमारी के दौरान बासी और दुर्गंधयुक्त चने मिलने पर विभाग ने कैंटीन संचालक के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराया है।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने बहादराबाद स्थित एनएच पर महादेव ढाबा के समीप संचालित कैंटीन का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो एल्यूमीनियम ट्रे में रखे करीब साढ़े चार किलो उबले काले चने पाए गए, जिनसे तेज दुर्गंध आ रही थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही पूरी खाद्य सामग्री को नष्ट करवा दिया।
निरीक्षण के दौरान कैंटीन संचालक पानी की गुणवत्ता संबंधी रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल और वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र तथा पेस्ट कंट्रोल से जुड़े आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए विभाग ने संचालक के खिलाफ एडीएम कोर्ट में वाद दायर किया है।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी ने बताया कि चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है। इस यात्रा सीजन में अब तक खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता खराब मिलने पर पांच मामलों में मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।
वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग की एक अन्य टीम ने वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में निर्मल छावनी, लोधा मंडी और अपर रोड क्षेत्र में रेस्टोरेंट, ढाबों, डेयरियों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुल नौ प्रतिष्ठानों की जांच की गई। मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर दो प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया, जबकि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित करते पाए जाने पर एक कारोबारी के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



