उत्तराखंड

बदरीनाथ हाईवे पर टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त, 8 यात्री घायल; SDRF ने बचाव अभियान शुरू किया

Listen to this article

चमोली: बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जोशीमठ के पास पैनी में हुए हादसे के एक दिन बाद ही हाईवे पर एक और टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हनुमान चट्टी और बिनाकुली के बीच श्रद्धालुओं से भरा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिसमें आठ यात्री घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई और कोई जनहानि नहीं हुई।

 

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के मेरठ से चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालु बदरीनाथ धाम के दर्शन कर ऋषिकेश लौट रहे थे। इसी दौरान टेंपो ट्रैवलर (UP-15 ET-1020) हनुमान चट्टी और बिनाकुली के बीच अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के समय वाहन में चालक समेत 16 लोग सवार थे।

 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सभी यात्रियों को सुरक्षित वाहन से बाहर निकाला गया। घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए जेपी कंपनी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ रेफर किया गया।

 

हादसे में घायल यात्रियों की पहचान दिशा सैनी (15), वर्षा, इलालिता, ज्योति गिरी, पुष्पा गिरी, चालक जमील, राजकुमार और बसु के रूप में हुई है। सभी घायल मेरठ जिले के निवासी बताए गए हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हालांकि पुलिस और एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से बचाव कार्य जल्द पूरा कर लिया गया। हादसे के कारण राजमार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

 

बदरीनाथ थाना प्रभारी नवनीत भंडारी ने बताया कि वाहन बदरीनाथ से ऋषिकेश जा रहा था। बिनाकुली के पास अनियंत्रित होकर पलटने से आठ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का उपचार जारी है और किसी की स्थिति गंभीर नहीं है।

 

चारधाम यात्रा सीजन के दौरान बढ़ते यातायात और पर्वतीय मार्गों की चुनौतियों के बीच यह हादसा एक बार फिर सावधानीपूर्वक वाहन संचालन और सुरक्षित यात्रा की आवश्यकता को रेखांकित करता है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!