उत्तराखंड

एमडीडीए का बड़ा कदम, सरकारी स्कूलों में विकसित होगी आधुनिक खेल अधोसंरचना

Listen to this article

देहरादून: सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब बेहतर खेल सुविधाओं के लिए निजी संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) जिले के सरकारी स्कूलों में आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित कर रहा है।

 

परियोजना के तहत राजकीय विद्यालयों में बैडमिंटन और वॉलीबॉल कोर्ट बनाए जा रहे हैं। पहले चरण में आठ विद्यालयों में निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि दूसरे चरण में नौ अन्य विद्यालयों में निर्माण तेजी से जारी है। कुल मिलाकर 17 विद्यालयों को इस योजना के तहत खेल सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।

 

करीब 7.80 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराना है।

 

एमडीडीए अधिकारियों के अनुसार खेल मैदान केवल प्रतियोगिताओं का मंच नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का माध्यम भी हैं। खेल गतिविधियों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास जैसे गुण विकसित होते हैं, जो उनके समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

स्थानीय लोगों को भी मिलेगा लाभ

 

परियोजना की एक विशेषता यह भी है कि विद्यालय समय समाप्त होने के बाद इन खेल सुविधाओं का उपयोग स्थानीय नागरिक भी कर सकेंगे। इससे युवाओं और खेल प्रेमियों को बेहतर अभ्यास स्थल मिलेगा, वहीं समाज में फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

 

एमडीडीए का मानना है कि इस पहल से सरकारी विद्यालयों में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!