
देहरादून। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत देहरादून में आयोजित जन जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी आशीष चौहान अधिकारियों की अधूरी तैयारियों पर नाराज हो गए। कार्यक्रम का उद्देश्य SIR के प्रति लोगों को जागरूक करना और प्रचार-प्रसार वाहन को रवाना करना था।
जानकारी के अनुसार, चुनाव आयोग द्वारा प्रदेशभर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इसके तहत जिला स्तर पर जन जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसी क्रम में देहरादून के आईटी पार्क के पास एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जहां जन जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाना था।
निर्धारित समय पर जिलाधिकारी आशीष चौहान कार्यक्रम स्थल पहुंचे, लेकिन वहां व्यवस्थाओं और तैयारियों को अधूरा देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में केवल औपचारिकता निभाने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित न किए जाएं और सभी तैयारियां पूरी होने के बाद ही कार्यक्रम संचालित किए जाएं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जन जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में जन सहभागिता सुनिश्चित की जाए और उन्हें प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाए। उन्होंने अधूरी तैयारी को लेकर अपनी असंतुष्टि व्यक्त करते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
डीएम आशीष चौहान ने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आगे से ऐसे कार्यक्रम पूरी तैयारी और बेहतर समन्वय के साथ आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि SIR अभियान को सफल बनाने के लिए जन जागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में SIR अभियान के तहत फर्जी, डुप्लीकेट और मृत मतदाताओं के नाम हटाकर मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने का कार्य किया जा रहा है।



