उत्तराखंड

हरिद्वार में विहिप केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की बैठक संपन्न, गौ रक्षा से लेकर राम मंदिर जांच तक कई प्रस्ताव पारित

Listen to this article

हरिद्वार: हरिद्वार के भूपतवाला स्थित निष्काम सेवा ट्रस्ट आश्रम में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की दो दिवसीय बैठक संपन्न हो गई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार सहित देशभर से आए संत-महात्माओं ने भाग लिया। बैठक में गौ रक्षा, नशा मुक्ति, परिवार कानूनों की समीक्षा, हिंदू समाज की एकता और अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े मामलों समेत कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश और समाज के विकास के लिए विहिप लंबे समय से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संतों का आशीर्वाद प्राप्त करना उनका सौभाग्य है और ऐसे चिंतन-मंथन से समाज को नई दिशा मिलती है। उन्होंने आगामी कुंभ मेले के भव्य आयोजन को लेकर भी विश्वास व्यक्त किया।

विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि संगठन वर्षों से गौ रक्षा के लिए संघर्ष करता आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि विहिप हर वर्ष बड़ी संख्या में गायों को कटने से बचाने का कार्य करता है। उन्होंने सरकार से सम्पूर्ण गौ रक्षा कानून बनाने की मांग करते हुए कहा कि गौ माता के संरक्षण के लिए देशव्यापी अभियान चलाया जाएगा।

अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित चंदा घोटाले के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए आलोक कुमार ने कहा कि ट्रस्ट एक-एक पैसे के लिए जवाबदेह है और ट्रस्ट की ओर से ही जांच समिति गठित करने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि जांच में पूरा सहयोग दिया जा रहा है और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने अन्य ट्रस्टों की गतिविधियों की भी जांच किए जाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि अयोध्या राम मंदिर मामले की जांच पूरी होने से पहले राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से बचना चाहिए। यदि कहीं कोई अनियमितता हुई है तो उसे दूर कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

बैठक में दंडी स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती महाराज ने भारतीय परिवार व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बढ़ते तलाक, लिव-इन रिलेशनशिप और समलैंगिक विवाह जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए वर्तमान वैवाहिक कानूनों की समीक्षा की जानी चाहिए।

बैठक के दौरान हिंदू समाज की एकता, नशा मुक्ति अभियान को मजबूत करने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। विहिप ने इन मुद्दों को लेकर आगे व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का संकेत दिया।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!