उत्तराखंड

शीतकालीन चारधाम यात्रा की तारीख तय, जानिए गंगा-यमुना और बाबा केदार के दर्शन कब से होंगे

Listen to this article

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। चारों धामों के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद 12 नवंबर से शीतकालीन चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है। पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने इसकी जानकारी दी। सरकार का उद्देश्य शीतकालीन यात्रा के माध्यम से प्रदेश में सालभर पर्यटन गतिविधियों को जारी रखना है। इसके लिए चारों धामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

मंगलवार 10 नवंबर को अन्नकूट पर्व और गोवर्धन पूजा के अवसर पर गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:05 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके बाद 11 नवंबर को यमुनोत्री और बाबा केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद होंगे। वहीं, बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद किए जाएंगे।

इन शीतकालीन प्रवास स्थलों पर होंगे दर्शन

चारों धामों के कपाट बंद होने के बाद श्रद्धालु शीतकालीन प्रवास स्थलों पर देवी-देवताओं के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। मां गंगा की पूजा उत्तरकाशी जिले के मुखबा में होगी, जबकि मां यमुना की पूजा खरसाली में की जाएगी। बाबा केदारनाथ की पूजा ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में होगी। वहीं, भगवान बदरीविशाल की पूजा पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बदरी मंदिर और जोशीमठ स्थित नृसिंह मंदिर में होगी।

शीतकालीन चारधाम यात्रा की घोषणा के बाद इन धार्मिक स्थलों पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सरकार आसपास के क्षेत्रों में भी पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करने पर जोर दे रही है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हों।

इस सीजन 60.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

उत्तराखंड पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, नौ नवंबर तक चारों धामों में कुल 60,50,312 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें बदरीनाथ धाम में सबसे अधिक 22,45,745, केदारनाथ धाम में 19,13,815, गंगोत्री धाम में 10,06,463 और यमुनोत्री धाम में 8,84,289 श्रद्धालु पहुंचे हैं।

धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस सीजन चारधाम यात्रा अच्छी रही है और अब तक 60 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में शीतकालीन यात्रा को भी व्यापक स्तर पर प्रमोट किया जाएगा।

सालभर पर्यटन गतिविधियां जारी रखने की तैयारी

शीतकालीन चारधाम यात्रा के जरिए सरकार प्रदेश में 12 महीने पर्यटन को बढ़ावा देना चाहती है। इसके लिए शीतकालीन गद्दी स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं को विकसित करने के साथ आसपास के क्षेत्रों को भी पर्यटन की दृष्टि से तैयार किया जा रहा है। सरकार को उम्मीद है कि इससे सर्दियों में भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बनी रहेगी तथा स्थानीय कारोबार और रोजगार को प्रोत्साहन मिलेगा।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!