उत्तराखंड

उत्तराखंड में NEET-UG का होगा री-एग्जाम, 53 परीक्षा केंद्रों पर 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

Listen to this article

देहरादून: देशभर में आयोजित होने जा रही NEET-UG री-एग्जाम को लेकर उत्तराखंड में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य के 10 जिलों में बनाए गए 53 परीक्षा केंद्रों पर 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

 

देहरादून जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू कर दी है। इसके तहत लाउडस्पीकर, भीड़, जुलूस, नारेबाजी और अन्य शोर-शराबे वाली गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अभ्यर्थियों की एकाग्रता को प्रभावित कर सकती है, इसलिए विशेष एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

 

जारी आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों के आसपास हथियार, लाठी, हॉकी स्टिक, तलवार, विस्फोटक सामग्री, ईंट-पत्थर या अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही बिना अनुमति किसी भी प्रकार की सभा, प्रदर्शन या जुलूस आयोजित नहीं किया जा सकेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

 

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि परीक्षा को लेकर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ केंद्रीय अर्धसैनिक बल (CPMF) की भी तैनाती की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के लिए उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी को केंद्र प्रभारी बनाया गया है। स्थानीय पुलिस लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रही है।

 

हरिद्वार में 5 जोन और 12 सेक्टर बनाए गए

 

हरिद्वार जिले में परीक्षा के सफल संचालन के लिए एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एसपी क्राइम निशा यादव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिले में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 8 ग्रामीण और 4 शहरी क्षेत्र में स्थित हैं। पूरे जिले को 5 जोन और 12 सेक्टरों में विभाजित कर अधिकारियों की तैनाती की गई है।

 

अन्य जिलों में भी पूरी तैयारी

 

नैनीताल जिले में 11 परीक्षा केंद्रों पर 3,874 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जिले को दो जोन और 11 सेक्टरों में बांटा गया है। वहीं ऊधमसिंहनगर में 5 परीक्षा केंद्रों पर 2,528 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पिथौरागढ़ में केंद्रीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

 

अल्मोड़ा जिले में द्वाराहाट स्थित बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर, पेयजल, बिजली, शौचालय और प्रवेश-निकास व्यवस्था की पूर्व जांच की जा चुकी है।

 

प्रशासन और पुलिस का दावा है कि NEET-UG री-एग्जाम को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!