वन क्लिक से श्रमिकों के खातों में पहुंचे 11 करोड़ रुपये, सीएम धामी ने किया DBT ट्रांसफर

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 4,400 से अधिक श्रमिक लाभार्थियों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से लगभग 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की।
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वन क्लिक के माध्यम से विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा तथा शिक्षा सहायता योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में राशि भेजी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर श्रमिकों तक योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिकों के कार्यस्थलों के निकट ही आवश्यक सामग्री वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे उन्हें सुविधा मिल सके। साथ ही श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, उनके आश्रित बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहन और जीवनोपयोगी सामग्री वितरण के लिए विशेष शिविर लगाए जाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने सभी कल्याणकारी योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने और सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि योजनाओं का लाभ केवल पात्र श्रमिकों तक ही पहुंचे।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पिछले एक वर्ष में 24,323 श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 93 करोड़ 6 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है।
इस अवसर पर राज्य सलाहकार संविदा बोर्ड कैलाश पंत, राज्य सतर्कता समिति की अध्यक्ष गीता रावत, उपाध्यक्ष मोहिनी पोखरिया, अपर सचिव विनीत कुमार, उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार, सहायक श्रम आयुक्त शैलेश सती, वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञ दुर्गा चमोली सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रम आयुक्त प्रकाश चंद्र दुम्का ने किया।



