हरिद्वार में खनन अधिकारी पर गिरी गाज, विवाद के बाद शासन ने हटाया पद से

हरिद्वार: मोतीचूर क्षेत्र में नाले की खुदाई से निकली मिट्टी के कथित अवैध उठान को लेकर हुए विवाद के बाद शासन ने हरिद्वार के जिला खनन अधिकारी कासिम रजा को उनके पद से हटा दिया है। शासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निदेशालय से संबद्ध (अटैच) कर दिया है। वहीं, निदेशालय में तैनात अमित गौरव को हरिद्वार के जिला खनन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
माना जा रहा है कि यह कार्रवाई हाल ही में मोतीचूर में जांच के दौरान हुए विवाद के बाद की गई है। इस घटनाक्रम को उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह रावत और जिला खनन अधिकारी के बीच हुई तीखी नोकझोंक से जोड़कर देखा जा रहा है।
शिकायत की जांच के दौरान हुआ था विवाद
दरअसल, यूकेडी जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह रावत ने आरोप लगाया था कि मोतीचूर रेलवे स्टेशन के पास नाले की खुदाई से निकली मिट्टी को बिना अनुमति एक निजी भूमि पर डंप किया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने प्रशासन से शिकायत की थी।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला खनन अधिकारी कासिम रजा जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे। जांच के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
सोशल मीडिया पर उठी कार्रवाई की मांग
विवाद के बाद यूकेडी कार्यकर्ताओं ने जिला खनन अधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सोशल मीडिया पर भी उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई। इसके बाद शासन ने कासिम रजा को पद से हटाकर निदेशालय अटैच कर दिया।
जांच अधूरी रहने का आरोप
यूकेडी जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह रावत का कहना है कि केवल अधिकारी को हटाने से मामले का समाधान नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि नाले की सफाई के नाम पर आठ से दस फुट तक मिट्टी खोदकर उसे मिलीभगत से अन्यत्र डाला गया।
रावत ने कहा कि उन्होंने इस मामले की शिकायत पहले भी संबंधित विभागों और अधिकारियों से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका दावा है कि जिस स्थान पर मिट्टी डाली गई थी, वहां अब मिट्टी को समतल कर सबूत मिटाने की कोशिश की गई है।
उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध मिट्टी उठान में शामिल लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए।
नए अधिकारी ने संभाला कार्यभार
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि शासन के आदेश के तहत जिला खनन अधिकारी कासिम रजा को निदेशालय से संबद्ध किया गया है। उनकी जगह अमित गौरव ने हरिद्वार के जिला खनन अधिकारी का कार्यभार संभाल लिया है।
फिलहाल, मोतीचूर मिट्टी उठान मामले की जांच और उससे जुड़े आरोपों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। स्थानीय लोग भी मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



